Saturday, May 26th

अंतिम अपडेट:04:05:04 AM IST

बिकाऊ है शाहरुख़ के बगल की कुर्सी

BBC Hindi

100206081401_shahrukh226अगर आपकी जेब इजाज़त दे तो आप कोलकाता के ईडेन गार्डेन में इंडियन प्रीमियर लीग का कोई भी मैच शाहरुख खान, कटरीना कैफ़, ब्रायन लारा और जूही चावला जैसी नामी गिरामी हस्तियों के बगल में बैठ कर देख सकते हैं.

यही नहीं, इसके बाद शाम को आपको अपने प्रिय सितारों के साथ पाँच सितारा होटल में डिनर करने और एक फ़ैशन शो देखने का भी मौक़ा मिलेगा. बस, इसके लिए आपको 32 हज़ार रुपए का एक टिकट खरीदना होगा.

ईडेन गार्डेन में विश्वकप 2011 की तैयारियों के सिलसिले में दो गैलरियां तोड़कर नए सिरे से बनाई जा रही हैं.

नतीजतन, स्टेडियम की दर्शक क्षमता घट कर महज 40 हज़ार रह गई है. ज़ाहिर है टिकटों की बिक्री से होने वाली आय दो साल पहले के मुक़ाबले अब कम हो गई है.

इस घाटे की भरपाई के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स प्रबंधन ने क्लब हाउस और ब्लाक-बी की निर्माणाधीन गैलरी के बीच लकड़ी का एक अस्थायी मंच बनाकर उस पर क़रीब 200 कुर्सियां लगाई हैं.

शाहरुख और उनके साथ आने वाली तमाम हस्तियां वहीं बैठ कर मैच देखती हैं. उस मंच के लिए टिकटों की क़ीमत 32 हज़ार रुपए रखी गई है.

रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स के बीच हुए मैच में शाहरुख खान के अलावा ब्रायन लारा, गौरी खान, कटरीना कैफ़ और अर्जुन रामपाल समेत कई फ़िल्मी हस्तियां पूरे समय उसी मंच पर बैठी रहीं.

मंच पर विवाद

इस मंच पर अब विवाद शुरू हो गया है. पहले मैच के ठीक पहले लोक निर्माण विभाग और फ़ायर ब्रिगेड ने इस मंच को खतरनाक बताते हुए इसे अनापत्ति प्रमाण पत्र देने से मना कर दिया था.

लेकिन शाहरुख ने अपने करिश्माई व्यक्तित्व के सहारे लोक निर्माण विभाग से 16 मार्च के मैच के बाद इस मंच में सुरक्षा के लिहाज से ज़रूरी फेरबदल करने का भरोसा दिला कर अस्थायी अनुमति हासिल कर ली है.

शाहरुख ने भरोसा दिलाया था कि मंच की सुरक्षा का जिम्मा नाइट राइडर्स प्रबंधन का है.

लेकिन अग्निशमन विभाग ने इसे मंज़ूरी नहीं दी है. विभाग की दलील है कि लकड़ी का बना होने की वजह से इसमें आग लगने का खतरा है. फ़ायर ब्रिगेड की अनुमति के बिना ही पहले मैच में तमाम कुर्सियां भरी रहीं.

वहां मौजूद पुलिस के आला अफ़सरों ने भी इस पर कोई आपत्ति नहीं की.

इससे नाराज राज्य के अग्निशमन मामलों के मंत्री प्रतीम चटर्जी ने इस मंच को गैर-क़ानूनी करार दिए हैं. उन्होंने सुरक्षा कानून के उल्लंघन के आरोप में नाइट राइडर्स और क्रिकेट एसोसिएशन आफ़ बंगाल(सीएबी) के खिलाफ सोमवार को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

चटर्जी कहते हैं कि इतने बड़े आयोजन में सुरक्षा नियमों के साथ खिलवाड़ उचित नहीं है.

विवाद बढ़ता देख कर शाहरुख खान ने सोमवार रात को मुंबई रवाना होने से पहले मंत्री को फोन कर नियमों के उल्लंघन के लिए माफी मांगी और उन्होंने मंगलवार को होने वाले दूसरे मैच के बाद ज़रूरी फेरबदल का भरोसा दिलाया हैं.

अब फ़ायर ब्रिगेड की एक टीम बुधवार को स्टेडियम का दौरा करेगी. उस समय शाहरुख खान भी मौजूद रहेंगे. उसके बाद विभाग की सिफारिशों पर अमल होने के बाद ही 32 हज़ार रुपए का टिकट खरीदने वाले दर्शकों को उस मंच पर अपने पसंदीदा सितारों के साथ बैठ कर मैच का लुत्फ उठा सकेंगे.

दूसरी ओर, सीएबी के संयुक्त सचिव विश्वरूप डे कहते हैं, “इस विवाद से हमारा कोई लेना-देना नहीं है. वैध टिकट लेकर स्टेडियम में आने वाले किसी व्यक्ति को हम रोक नहीं सकते.”

उनका कहना हैं कि उस अस्थायी मंच पर रोक लगाना भी हमारे अधिकार क्षेत्र के बाहर है. यह मामला नाइट राइडर्स प्रबंधन से जुड़ा है और सुरक्षा का ख़्याल रखना पुलिस और फायर ब्रिगेड का काम है.
BBC Hindi
BLOG COMMENTS POWERED BY DISQUS