पोप बेनेडिक्ट के निजी सचिव मानसिक रूप से बीमार उस महिला को देखने पहुँचे जिसने क्रिसमस के दिन पोप पर हमला कर दिया था.
मॉन्सिनोर जॉर्ज गैंसवीन रोम स्थित मानसिक चिकित्सालय में पोप के अनुरोध पर सुसन्ना मायोलो नामक उस महिला को देखने पहुँचे.
इटली के एक अख़बार में छपी इस ख़बर की वैटिकन ने पुष्टि की है जिसमें कहा गया था कि पोप के निजी सचिव नए साल के दिन पोप पर हमला करने वाली महिला के देखने गए थे.
हालांकि वैटिकन के अधिकारियों का कहना है कि उस महिला के ख़िलाफ़ चल रही न्यायिक कार्रवाई पूर्ववत चलती रहेगी.
घटना
इस हमले से रोम का कैथोलिक समुदाय हतप्रभ रह गया था जिसमें मायोलो ने सेंट पीटर्स बैसेलिका में सुरक्षा घेरा तोड़कर पोप को छूने की कोशिश की थी.
लेकिन घटना में पोप को किसी तरह की चोट नहीं आई थी. इसके तुरंत बाद महिला को हिरासत में ले लिया गया था.
25 वर्षीय मायोलो ने इसी तरह की कोशिश 2008 में भी की थी लोकिन तब सुरक्षा बलों ने उसे रोक दिया था.
वैटिकन के प्रवक्ता फेडरिको लोंबार्डी ने बताया कि गैनस्वीन महिला को देखने इसलिए जा रहे हैं ताकि वो महिला को पोप बेनेडिक्ट की चिंता से अवगत करा सकें.
लोंबार्डी का कहना था कि बैठक में क्या कहा गया, इस पर वो टिप्पणी नहीं करेंगे लेकिन उन्होंने ये ज़रूर कहा कि इस घटना पर हर कैथोलिक माफ़ी मांगता है.