क्या मोबाइल की बैटरी डिस्चार्ज हो रही है? क्या कोई नया ईमेल आया है? क्या आपका एसएमएस इनबॉक्स पूरा भर गया है? अब आपको यह सारी जानकारी अपने मोबाइल को मात्र छूने से भी मिल जाएगी. वैज्ञानिकों ने एक ऐसा मोबाइल डिवाइज़ तैयार किया है जो अपने कद और कठोरता में परिवर्तन कर सकता है और इस तरह से उसे छूने से कई जानकारियाँ मिल जाती है.
इस स्मार्टफोन का नाम है SqueezeBlock. इस मोबाइल को विकसित किया है यूनिवर्सिटी ऑफ वाशिंगटन के कम्प्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग के भारतीय मूल के छात्र श्वेताक पटेल ने. श्वेताक ने अपने कुछ मित्रों के साथ मिलकर इस डिवाइज़ को तैयार किया है जो सिग्नल के हिसाब से अपने आकार में परिवर्तन कर लेता है.
इस डिवाइज में कुछ प्रेशर प्लेट लगी हैं और बाहरी आवरण पर मोटरें भी जोड़ी गई है. प्रेशर प्लेट यह देखती है कि मोबाइल पर कितना दबाव पड़ रहा है और मोटरें यह तय करती है कि उस दबाव के जवाब में कितनी कठोरता व्यक्त करनी चाहिए. यह कठोरता पहले से प्रोग्राम की हुई होती है और इस तरह से अलग अलग स्थितियों के हिसाब से कठोरता में बदलाव लाकर प्रयोक्ता तक बात पहुँचा दी जाती है.
उदाहरण
जब इस मोबाइल की बैटरी पूरी तरह से चार्ज हो जाती है तो यह मोबाइल अपेक्षाकृत थोड़ा मोटा हो जाता है. परंतु जैसे जैसे बैटरी का चार्ज कम होने लगता है यह पतला होने लगता है और जब बैटरी एकदम डिस्चार्ज हो जाए तो यह नरम भी पड़ जाता है. इसी तरह से यदि कई महत्वपूर्ण ईमेल आए हों तो यह थोड़ा कठोर हो जाता है. इससे प्रयोक्ता मात्र मोबाइल को छूने से ही जान जाता है कि कोई ईमेल आया है कि नहीं.
परीक्षण के दौरान करीब 70% लोगों ने इस मोबाइल को छूकर सही जानकारी हासिल करने में सफलता पाई. इससे साबित हुआ कि यह तकनीक वाकई में उपयोगी है.

