|
गर्भधारण पंजीकरण दफ्तर का एक दृश्य |
|
गुरुवार , , 09 अगस्त |
रवि-वार्ता - रवि रतलामी द्वारा |

(सरकार हमेशा ही अच्छे सोच और अच्छे विचार से काम करती है. हाल ही में खबर आई है कि सरकार सोच रही है कि वो गर्भधारण का पंजीकरण अनिवार्य कर दे. यानी कि भारत देश में कोई भी स्त्री जब, जिस वक्त गर्भधारण कर ले, तो वो तत्काल, तीन दिन के भीतर किसी सरकारी दफ्तर में जाकर पंजीकरण करवाए – कि अब वो गर्भवती हो गई है.
इस विचार को अमली जामा पहनाने के लिए हर शहर हर गांव में गर्भधारण पंजीकरण दफ्तर खुलेंगे. उसमें रजिस्ट्रार होंगे जो पंजीकरण का काम करेंगे और फिर चूंकि पंजीकरण अनिवार्य होगा तो इस अनिवार्यता को पुख्ता करने के लिए गर्भधारण पंजीकरण इंस्पेक्टरों (मुम्बई के डॉग शिट स्क्वॉड को भूल गए क्या?) की भी भर्ती होगी. और भी सरकारी अमले होंगे, ऑफ़िस होंगे, अफसर होंगे और मंत्री मंत्रालय भी होंगे.)
दृश्य 1
(एक गर्भवती स्त्री अपने गर्भाधान का पंजीकरण करवाने दफ्तर में कोई घंटाभर से काउंटर पर लाइन में खड़ी है. क्लर्क चाय पीने गया है जबकि ऑफ़ीशियल, दोपहर के भोजन के समय में अभी घंटा भर की देरी है. चाय पीकर पाउच खाकर पीक थूकते क्लर्क हाजिर होता है और काउंटर पर खड़ी गर्भवती स्त्री की ओर गहरी उबासी से प्रश्नवाचक निगाहों से देखता है)
गर्भवती स्त्री – पंजीकरण करवाना है.
क्लर्क – नाम बोलिये...
गर्भवती स्त्री – “अलां-फलां कुमारी”
क्लर्क – वैवाहिक स्थिति क्या है?
गर्भवती स्त्री – जी...? आपका मतलब क्या है?
क्लर्क – ठीक है ठीक है, गर्भधारण का दिनांक व समय?
गर्भवती स्त्री – जी...?
क्लर्क – गर्भधारण का प्रूफ बताइए...
गर्भवती स्त्री – जी...?
क्लर्क – अरे भाई, कोई मेडिकल टेस्ट की फोटोकॉपी इत्यादि.. बिना प्रूफ पंजीकरण थोड़े ही होगा. और यदि टेस्ट की प्रति नहीं हो तो एफ़िडेविट से भी काम चल जाएगा
गर्भवती स्त्री – जी...? मेरे पास तो ये कुछ भी नहीं है.
क्लर्क – तो फिर आप ये लेकर बाद में आइए. सरकारी खानापूर्ति आवश्यक है. तभी पंजीकरण संभव है. नेक्स्ट.
दृश्य 2
शहर के भीड़ भाड़ युक्त साड़ी बाजार में एक स्थूल काया स्त्री, जिसका पेट थोड़ा सा आगे की ओर उभरा है, एक ओर जा रही है. पीछे से एक गर्भधारण पंजीकरण इंस्पेक्टर उसे आवाज देता है –
इंस्पेक्टर – बहन जी एक मिनट...
स्त्री – जी, हाँ, बोलिए?
इंस्पेक्टर – आप अपना पंजीकरण प्रमाणपत्र दिखाइए.
स्त्री – मैं समझी नहीं, कौन सा प्रमाण पत्र, कैसा प्रमाणपत्र?
इंसपेक्टर – आप पढ़ी लिखी लगती हैं – आपको मालूम होना चाहिए – आपका गर्भधारण प्रमाण पत्र. देख नहीं रहीं – मेरा ये बैज – मैं गर्भधारण पंजीकरण इंस्पेक्टर हूँ.
स्त्री - व्हॉट नॉनसैंस .... क्या बोल रहे हैं... मैं कोई गर्भवती नहीं हूं.
इंस्पेक्टर – अच्छा अच्छा मैडम. आप हमें उल्लू नहीं बना सकतीं. आपकी शारीरिक स्थिति हमें बता रही है कि आप गर्भवती हैं. और छः महीने से गर्भवती हैं. आपने अपने गर्भधारण का कानूनन अनिवार्य पंजीकरण अपने गर्भधारण के तीन दिनों के भीतर नहीं करवाया है अतः आप अपराध के भागीदार हैं इसलिए आपके ऊपर कानूनी कार्यवाही होगी. आपको मेरे साथ मेरे दफ्तर चलना होगा...
स्त्री – ईडियट, मैं तुझे प्रेगनेंट लगती हूँ...
यह कह कर वह स्त्री उस इंसपेक्टर को एक झापड़ रसीद करती है. वहां हल्ला मच जाता है और उस महिला पर सरकारी काम में बाधा पहुँचाने का क्रिमिनल केस दर्ज हो जाता है.
(यूं तो और भी दृश्य हैं... पर वे और भी कड़वे किस्म के हैं... इसलिए यहीं विराम लेते हैं)
 Recommend this article... |