फिल्म शुरू होने के 1 घंटे बाद सिनेमा हॉल में सोफे पर बैठे बैठे मैने सोचा कि क्यों ना मेरे पास एक टाइम मशीन होती जो मुझे अभी यहाँ से कहीं दूर ले जाती.
लवस्टोरी 2050 एक बहु प्रचारित फिल्म है. हैरी बवेजा की यह फिल्म वैसे तो भविष्य की मुम्बई पर आधारित होनी चाहिए थी, लेकिन हकीकत कुछ और ही निकलती है. और फिर जब फिल्म खींचने लगती है तो लगता है जैसे कब यह खत्म होगी.
लवस्टोरी 2050 के साथ सबसे बडी समस्या यह रही कि वैसे तो यह भविष्य की फिल्म बताई गई और वाकई में 2050 का जमाना दिखाया भी गया लेकिन पात्रों का व्यवहार 80 के दशक का ही रहा, और यही पूरी फिल्म के दौरान खटकता रहा.
कहानी:
करण (हरमन बवेजा) एक बेहद अमीर बाप (दिलीप ताहिल) की संतान है. वे साना (प्रियंका चोपडा) से प्यार करते हैं. उनके लिए अपने पिता से लडाई भी लडते हैं और यहाँ वही पुराना पैसा या प्यार का फार्मूला भी आ जाता है.
प्रियंका के अंकल डॉ. या (बोमन इरानी का संक्षिप्त फिल्मी नाम) एक टाइम मशीन बनाते हैं. प्रियंका 2050 में जाना चाहती है, लेकिन एक दुर्घटना हो जाती है जिसमें उनकी मृत्यु हो जाती है.
उनका पुनर्जन्म होता है भविष्य की जेसिया के रूप में. हरमन उन्हे उनके पहले जन्म की याद दिलाने भविष्य मे जाते हैं. लेकिन यहाँ एक विलन डॉ. होशी भी है. हरमन उससे भी मुकाबला करते हैं.
मध्यांतर तक फिल्म एक टिपीकल मेलोड्रामा वाली फिल्म लगती है. भविष्य की कही कोई झलक नहीं मिलती. मध्यांतर के बाद 2050 की मुम्बई दिखाई गई है.
फिल्म क्यों देखें:
हरमन बवेजा के लिए फिल्म देख सकते हैं. हरमन अपने नृत्य और एक्शन से प्रभावित करते हैं. प्रियंका भी ठीक ठाक लगती हैं. लाल बालों वाली उनकी स्टाइल खूब जमती है. मध्यांतर के बाद भविष्य की मुम्बई भी देख सकते हैं, जहाँ 200 मंजिला इमारतें, रोबोट, अनोखे गिज्मो यानि बहुत कुछ होगा.
फिल्म क्यों ना देखें:
फिल्म मे नयापन कुछ नहीं. अमीरी गरीबी, पुनर्जन्म जैसे फार्मूले दोहराए हुए लगते हैं. यह एक विज्ञान पर आधारित फिल्म है और फिल्म मे पुनर्जन्म को स्विकार किया गया है, यह आश्चर्यजनक है. संगीत साधारण ही है. स्पेश्यल इफेक्टस अच्छे हैं, लेकिन कम हैं और हॉलीवुड श्रेणी के नहीं लगते. हरमन की संवाद अदायगी काफी खराब है, उन्हे इस पर ध्यान देना चाहिए.
अंत मे:
फिल्म टुकडों मे अच्छी है. लेकिन इसे एक बार में देख पाना मुश्किल लग सकता है. ईच्छा हो तो जरूर देखिए, अन्यथा छोड भी सकते हैं.