अच्छी नींद लेना अच्छी सेहत के लिए अति आवश्यक है. लेकिन आजकल की भागदौड भरी जिंदगी में अच्छी नींद लेना एक स्वप्न सा बनता जा रहा है. लेकिन यदि हम कुछ नुस्खे आजमाएँ तो व्यवस्तता भरे दिन के बाद एक छोटी ही सही पर अच्छी नींद ले सकते हैं.
स्क्रीन के आगे से हट जाइए: क्या आप सोने से पहले टीवी देखना या ईमेल करना पसंद करते हैं. या फिर ऐसा सोचते हैं कि यदि नींद नहीं आ रही है तो कम्प्यूटर पर कुछ काम करने से थक कर सो जाएँगे तो यह उल्टा असर भी कर सकता है.
टीवी या कम्प्यूटर स्क्रीन के आगे काम करने से दिमाग सक्रिय रहता है और नींद कोसों दूर रह जाती है. इससे अच्छा यह है कि आप कमरे मे अँधेरा कर कर लेट जाएँ, जिससे दिमाग को यह अहसास हो कि अब सोने का समय हो गया है.
कसरत करें:
सुबह के समय अच्छी कसरत करने से शरीर तो तंदरुस्त रहता ही है, रात को नींद भी अच्छी आती है. यदि सुबह व्यस्तता की वजह से कसरत ना कर पाते हों तो दोपहर तक हल्की कसरत करने की सोचें.
रात को दूध पिएँ या केला खाएँ:
यह एक पूराना तरीका है लेकिन कारगर है. विशेषज्ञों ने भी माना है कि रात को सोने से पहले दूध पीने अथवा केला खाने से अच्छी नींद आती है.
झपकी लेने की आदत डालें:
दोपहर के खाने के बाद झपकी लेना खराब नहीं बल्कि अच्छी और स्वास्थ्य वर्धक आदत है. अब तो कई बडी कम्पनियाँ दोपहर के समय में अपने कर्मचारियों को 10 या 15 मिनट झपकी लेने का समय देती है.
एक छोटी सी झपकी आप के अंदर उर्जा का संचार कर सकती है और उसके बाद आप अधिक कार्यकुशलता दिखा सकते हैं. यही नहीं इस आदत की वजह से आप रात को अच्छी नींद भी लेना सिख सकते हैं.
शांत रहिए:
रात को यदि नींद नहीं आ रही हो तो नींद के बारे मे सोचिए मत. होता यह है कि नींद ना आने पर हम नींद का इंतजार करने लगते हैं और दिमाग उस और सक्रिय हो जाता है. इससे नींद और भी दूर चली जाती है.
इसके बजाय नींद लेने की चिंता छोड कर अपने मनपसंद विषय के बारे में सोचिए या फिर कोई कहानी बुनिए. आपको पता ही नहीं चलेगा आप कब सो जाएँगे.