अब यदि आपका मित्र झूठ बोले कि वो तो कल शहर में था ही नहीं तो आप उसे आसानी से पकड़ सकते हैं.
गूगल ने अपने मेप्स अप्लिकेशन में एक नई सुविधा जोड़ी है जिससे आपको यह पता चल सकेगा कि आपके मित्र इस समय कहाँ है.
लेटिट्यूड नामक यह सुविधा गूगल मेप्स में जोड़ी गई है. प्रयोक्ता इस सुविधा को चालू करने के बाद अपने मित्रों को निमंत्रण भेज सकता है. जो जो मित्र उस निमंत्रण को स्वीकार करते हैं वे सभी एक दूसरे की मौजूदगी के बारे में पता कर सकते हैं.
लेकिन क्या इस प्रकार गूगल भी जान पाएगा कि कोई व्यक्ति एक निश्चित समय पर कहाँ था? क्या इससे व्यक्ति की गोपनीयता खतरे में नहीं आएगी? गूगल ने दावा किया है कि ऐसा नहीं होगा. और इसकी कई वजहें हैं.
पहली तो यह कि प्रयोक्ता को यह सुविधा होती है कि वह तय कर सके उसकी मौजूदगी की किस हद तक सूचना देनी है. उदाहरण के लिए यदि वह चाहे कि मात्र शहर की जानकारी ही दी जाए तो गूगल मेप्स मात्र इतना बताएगा कि वह इस समय फलाने शहर में है, लेकिन उस शहर में कहाँ है यह नहीं बताएगा.
दूसरा, प्रयोक्ता यह भी तय कर पाएगा कि किस मित्र को जानकारी देनी है और किसको नहीं. अथवा तो वह उस सम्पूर्ण सेवा को ही आंशिक अथवा पूर्ण रूप से बंद कर पाएगा.
इसके अलावा गूगल ने यह दावा भी किया है कि वह स्वयं प्रयोक्ताओं के आँकडे संग्रहित नहीं करेगा.
गूगल की यह सेवा, गूगल एनरोइड फोन, आईफोन, आईपोड टच, माइक्रोसोफ्ट 6 फोन आदि पर उपलब्ध है. जल्द ही यह सेवा होम पीसी पर भी चालू की जाएगी और इससे अभिभावक अपने बच्चों पर नजर रख पाएंगे.