जो बुजुर्ग अकेले रहना पसंद करते है अथवा किसी मजबूरी की वजह से जिन्हे अकेला रहना पड रहा है उनकी सहायता के लिए एक स्मार्ट होम बनाने का विचार व्यक्त किया गया है.
जर्मन वैज्ञानिक एक ऐसे घर की डिजाइन बना रहे हैं जिसमे कई स्वाचालित यंत्र और प्रणालियाँ लगी होंगी जो किसी भी आपातकालिन स्थिति में अलार्म बजा सकेंगी. इसके अलावा यह सिस्टम अन्य कई सुविधाएँ भी प्रदान करेगा.
इस तरह के स्मार्ट यंत्र घर उपयोगी अनेक चीजों मे लगाए जाएंगे, जैसे कि चलने मे मददगार रहने वाली छडी, गद्दे, कुर्सी, टेबल, आईना आदि.
ये संसाधन किस प्रकार से उपयोगी हैं?
ये सारे यंत्र अलग अलग प्रकार से काम करेंगे. उदाहरण के लिए चलने मे सहायता देने वाली छडी में सेंसर लगे होंगे जो रक्तचाप की गणना करेगी तथा इस्तेमाल करने वाले बुजुर्ग के रोजमर्रा के जीवन की गतिविधियों को नोट करेगी.
गद्दे मे लगे सेंसर बुजुर्ग का वजन माप सकेंगे, प्रेसर जाँच सकेंगे, और मोशन कंट्रोल कर पाएंगे.
कई सेंसर ऐसे होंगे जो अलार्म की तरह काम करेंगे और निश्चित समय पर बुजुर्ग को दवाई लेना याद दिला देंगे अथवा टीवी पर आने वाले किसी उपयोगी कार्यक्रम की सूचना दे देंगे.
इसके अलावा किसी आपातकालीन स्थिति जैसे कि दौरा पडने, सांस फूलने, गिर जाने और चोटिल हो जाने की स्थिति में ये स्मार्ट यंत्र किसी नजदीकी रिश्तेदार अथवा किसी नजदीकी मेडिकल सेंटर को तुरंत ही सूचना प्रदान कर देंगे.
जर्मनी के फ्राउनहोफर इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिक इस स्मार्ट होम की कल्पना को हकीकत मे बदलने की तैयारियो मे जुटे हैं.