एक इंटरनेट सुरक्षा विशेषज्ञ ग्रेहाम क्लूले ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 1 अप्रैल को कोनफ्लिकर सी नामक वाइरस से सावधान रहें क्योंकि वह आपके सिस्टम के साथ साथ पूरे इंटरनेट को प्रभावित कर सकता है.
कोनफ्लिकर सी, कोनफ्लिकर नामक घातक कम्प्यूटर वाइरस का एक भाग है. यह एक मेलवेर है विशेष रूप से लिखे गए वेबपन्नों के माध्यम से आपके पीसी में इंस्टाल हो जाता है और फिर वहीं घर बना लेता है.
ग्रेहाम के अनुसार कोनफ्लिकर सी पहले से ही वेब पर मौजूद है और बहुत सम्भव है कि इस समय आपके पीसी में भी मौजूद हो. तो यदि आपका पीसी इस वाइरस से ग्रस्त है तो आपको 1 अप्रैल को सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि 1 अप्रैल को यह वाइरस नए आदेश प्राप्त कर अपना कार्य शुरू करेगा.
लेकिन कौन से कार्य? दुर्भाग्य से यह किसी को भी नहीं पता!
अच्छी खबर यह है कि यह वॉर्म 1 अप्रैल को अपना कार्य आगे बढाएगा. इस दिन यह मेलवेर ढेर सारी वेबसाइटों पर से निर्देश ग्रहण करेगा. लेकिन सबसे बुरी खबर यह है कि किसी को भी पता नहीं है कि कोनफ्लिकर सी क्या कार्य करने के लिए प्रोग्राम किया गया है.
यह वैसा ही जैसे किसी ने अपनी सेना को ढेर सारे ठिकानों पर खडा कर दिया हो लेकिन उन्हें कोई निर्देश नहीं दिया गया है कि उन्हें क्या करना है. यह निर्देश 1 अप्रैल को दिया जाएगा.
कुछ विशेषज्ञों के अनुसार हो सकता है उस दिन लाखों कम्प्यूटरों में बैठा कोनफ्लिकर सी एक साथ करोडों की संख्या में स्पाम मेल भेज कर इंटरनेट को जाम कर दे!
माइक्रोसोफ्ट के शीर्ष सुरक्षा सलाहकार एड गिब्सन का कहना है – 1 अप्रैल याद रखिए. मुझे यह कहना अच्छा नहीं लग रहा पर वह दिन कोई आम दिन नहीं होगा.
बचाव:
यदि आप विंडोज एक्सपी के प्रयोक्ता हैं तो अपना ऑपरेटिंग सिस्टम तुरंत अपडेट करें और कोई ढंग का एंटीवाइरस सॉफ्टवेर इंस्टाल करें.