यदि आप फेसबुक, ओर्कुट या लाइव स्पेसेज़ जैसी किसी ओनलाइन सोश्यल नेटवर्किंग साइटों पर अपनी तस्वीरें अपलोड कर रहे हैं तो थोड़ी सावधानी बरतें.
ध्यान रखें कि आप कोई ऐसी तस्वीर अपलोड ना करें जिससे आपको थोडी सी भी परेशानी हो सकती हो. वैसे यह सही है कि आप अपलोड की गई तस्वीरों को कभी भी मिटा सकते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कई साइटों पर तस्वीरें मिटा दी जाने के बाद भी मौजूद रहती है. फेसबुक भी ऐसी ही एक साइट है.
कैम्ब्रीज विश्वविद्यालय के कुछ ब्रिटिश संशोधकों ने इस बाबत एक जाँच की. उन्होने कुछ तस्वीरों को करीब 16 लोकप्रिय संजालों पर अपलोड किया और उन सब का वेब एड्रेस नोट कर लिया. उसके बाद उन्होनें सारी तस्वीरें मिटा दी.
30 दिन बाद उन्होनें उन वेब एड्रेसों की जाँच की तो पता चला कि 16 में से 7 साइटें ऐसी थी जिन पर मिटा दी गई तस्वीरें अभी भी मौजूद थी. इन साइटों मे फेसबुक और लाइव स्पेसेज़ शामिल है.
इस शोध टीम के एक सदस्य जोसेफ बोनाउ का कहना है कि – जब आप कोई तस्वीर मिटाते हैं तो कई साइटें उसे हमेशा के लिए नहीं मिटाती, बल्कि वह तब तक मौजूद रहती है जब तक कोई अन्य तस्वीर उसे ओवर राइट ना कर दे.
लेकिन फेसबुक के एक प्रवक्ता ने अपना बचाव करते हुए सफाई दी है कि जब कोई प्रयोक्ता फेसबुक से तस्वीरें मिटाता है तो फेसबुक के सर्वर से तस्वीरें निकाल दी जाती हैं लेकिन तस्वीर का यूआरएल कंटेट डिलवरी नेटवर्क में मौजूद रहता है और ओवर राइट होने तक तस्वीर को दिखाता रहता है.