फेसबुक के लाखों प्रयोक्ता अब अपने फेसबुक अकाउंट के लिए व्यक्तिगत यूआरएल प्राप्त कर पाएंगे.
फेसबुक ने यह सेवा शुरू कर दी है और इसके शुरू होते ही फेसबुक के लाखों प्रयोक्ता व्यक्तिगत यूआरएल प्राप्त करने के लिए टूट पडे हैं.
प्राप्त खबर के अनुसार इस सेवा के शुरू होने के 15 मिनट के भीतर ही 5 लाख लोगों ने अपना व्यक्तिगत प्रोफाइल यूआरएल बना लिया है.
यह क्यों लाभदायक है?
इस समय जब आप लोगिन करते हैं तो आपके प्रोफाइल पन्ने का यूआरएल कुछ इस तरह से होता है – “www.facebook.com/profile.php?id=123456789”. कभी कभी यह यूआरएल इससे भी लम्बा होता है. इससे किसी मित्र को यह कड़ी देने में परेशानी होती है और कोई भी व्यक्ति ऐसी कड़ी को याद भी नहीं रख सकता.
लेकिन मान लिजिए आपके फेसबुक अकाउंट की कड़ी कुछ ऐसी हो तो? - www.facebook.com/ramkumar. इस कड़ी को आसानी से याद रखा जा सकता है.
अब आप भी इस तरह की व्यक्तिगत कड़ी प्राप्त कर सकते हैं और इसके लिए आपको 13 जून पर नज़र रखनी होगी क्योंकि इस दिन फेसबुक यह सुविधा शुरू करने वाला है. इसके लिए फेसबुक ने एक विशेष पन्ना भी बनाया है.
ये कड़ियाँ पहले आओ – पहले पाओ की तर्ज पर दी जा रही है.
यह सुविधा फिलहाल उन्हीं लोगों को मिलेगी जो पहले से ही फेसबुक के प्रयोक्ता हैं. नए प्रयोक्ताओं को यह सुविधा अभी प्राप्त नहीं होगी. फेसबुक के डिज़ायनर ब्लेज़ डिपर्सिया के अनुसार ऐसा इसलिए ताकि मात्र “यूनिक आई.डी.” प्राप्त करने के लिए लोग फेसबुक की जाली प्रोफाइल ना खोलें.
लेकिन जो नए प्रयोक्ता बन रहे हैं उन्हे निराश होने की जरूरत नहीं क्योंकि 28 जून के बाद वे भी अपने लिए व्यक्तिगत कड़ी बना सकेंगे.
अंत में एक महत्वपूर्ण बात – अपनी व्यक्तिगत कड़ी ध्यान से बनाएँ क्योंकि इस कड़ी को ना तो सम्पादित किया जा सकेगा और ना ही मिटाया जा सकेगा.