क्या यह
यूट्यूब की कोई प्रतिस्पर्धी सेवा है? जी नहीं. वास्तव में
सीटीज़नट्यूब यूट्यूब का ही एक ब्लॉग है.
यूट्यूब पर कई बार ऐसे वीडियो पोस्ट किए जाते हैं जो दुनिया बदल सकते हैं. लोग सामाजिक सारोकारों से संबंधित वीडियो यूट्यूब पर लगाते हैं लेकिन कई बार ऐसे प्रेरणादायक अथवा जानकारियों से भरे वीडियो लोगों के ध्यान मे आ नहीं पाते.
उदाहरण के लिए क्या आप जानते हैं कि एक 9 साल के बच्चे ने यूट्यूब के माध्यम से एक आंदोलन चलाया था ताकि उसके घर के पास की खेलने की जगह सुरक्षित रह सके?
ऐसे ही कई और वीडियो हैं जो हमें समाज के लिए कुछ कर गुजरने की प्रेरणा देते हैं. अब ऐसे ही कुछ वीडियो को सीटीजनट्यूब नामक ब्लॉग पर रखा जा रहा है.
कुछ साल पहले तक सीटीजनट्यूब यूट्यूब का ही एक वीडियो चैनल हुआ करता था जहाँ गूगल के अधिकारी सामाजिक और राजनैतिक मामलों के वीडियो लगाया करते थे लेकिन जल्द ही उन्हे अहसास हुआ कि यदि लोगों को भी इस मुहिम में शामिल किया जाए, तो इसकी प्रासंगिकता और भी अधिक बढ जाएगी.
इसके बाद यह ब्लॉग शुरू किया गया. इस ब्लॉग पर समय समय पर कुछ विशेष कार्यक्रम भी चलाए जाते हैं. जैसे कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के समय लोग अपनी राय वीडियो के माध्यम से व्यक्त कर सकते थे और अपना वोट दे सकते थे.
सीटीजनट्यूब सरकार की नीतियों के बारे में जानकारी देने, लोगों से जुडे मुद्दे उठाने और पर्यावरण संबंधि नीतियों के बारे में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.