|
- माइकल जैक्सन का जन्म 29 अगस्त 1958 को गैरी, इंडियाना में हुआ था
- वर्ष 1964 में छोटी उम्र मे ही वे अपने भाई के पॉप ग्रुप में शामिल हुए जिसका नाम था जैक्सन फ़ाइव
- वर्ष 1979 में माइकल जैक्सन अपना सोलो (एकल) अलबम जारी किया - ऑफ़ द वॉल
- 2006 आते आते जैक्सन भारी आर्थिक संकट में फँस गए
|
वे अपने आप में एक पहचान थे, एक प्रतीक थे. वे प्रतीक थे पॉप संगीत के. उन्होनें अपने शीर्ष काल में युवाओं के अंदर एक जोश भरा था और लड़कियाँ उनपर न्यौछावर रहती थी.
वे माइकल जैक्सन थे, जिनका 50 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. वे कुछ समय से गुमनामी में जी रहे थे और जल्द ही एक नई शुरूआत करने वाले थे. लंडन में उनका कमबैक टूर होने वाला था लेकिन इस पहले ही वे इस दुनिया को विदा कह गए.
माइकल जैक्सन का जन्म 29 अगस्त 1958 को गैरी, इंडियाना में हुआ था. वे अपने माता पिता [कैथरीन इस्टर और जोसेफ वाल्टर जो] की सातवीं संतान थे.
उनका परिवार संगीत प्रेमी था और खुद माइकल के अंदर संगीत की नैसर्गिक समझ थी. 5 वर्ष की आयु से ही वे संगीत कार्यक्रम पेश करने लग गए थे.
वर्ष 1964 में छोटी उम्र मे ही वे अपने भाई के पॉप ग्रुप में शामिल हुए जिसका नाम था जैक्सन फ़ाइव. धीरे धीरे उनकी खुद की पहचान बनती गई और एक समय ऐसा आया जब वे आकर्षण का केंद्र बन गए. उनकी वजह से ही उनके भाई के बैंड की लोकप्रियता बढ़ी. इस ग्रुप ने अपना पहला अलबम वर्ष 1969 में रिलीज़ किया, जिसका नाम था आई वॉन्ट यू बैक. यह अलबम काफ़ी लोकप्रिय हुआ था.
इसके बाद माइकल जैक्सन ने कभी पीछे मुड़कर नही देखा. उन्होने लगातार कई हीट एल्बम जैसे कि एबीसी, द लव यू सेव और आई विल बी देयर आदि दिए.
वर्ष 1979 में माइकल जैक्सन अपना सोलो (एकल) अलबम जारी किया - ऑफ़ द वॉल. इसी अलबम में जैक्सन का मशहूर गाना डॉन्ट स्टॉप टिल यू गेट एनफ़ और रॉक विद यू भी था.
लेकिन जिस एक अल्बम ने उन्हें लोकप्रियता के शीर्ष पर पहुँचा दिया था वह था थ्रिलर. यह अलबम अब तक का सबसे ज़्यादा बिकने वाला अलबम है.
उनके बाद के जीवन में उन्होनें कई ऐसे काम किए जिससे वे विवादों मे फँसते गए और इससे उनकी लोकप्रियता मे काफी कमी आई. 2005 मे आया उनका अलबम इन्विंसिबल पूरी तरह से नाकाम रहा.
इस बीच जैक्सन कई विवादों से घिर चुके थे. उनपर जातीय शोषण और बाल यौन शोषण के आरोप भी लगे. ऐसे ही एक विवाद के दौरान जैक्सन ने अपनी सफाई में कहा था कि – वे बच्चों के साथ सोते हैं और उन्हे इसका कोई अफसोस नही है क्योंकि यह कोई असामाजिक बात नही है. वे यौन दुर्रव्यवहार नही करते.
वे 6 महीने जेल में रहे लेकिन बाद में ज्यूरी ने उनको निर्दोष पाया और वे छूट गए. बाद में शेख अब्दुला के न्यौते पर वे बहरीन चले गए और वहीं बस गए. खबर यह भी थी कि उन्होने मुस्लीम धर्म स्वीकार कर लिया था.
2006 आते आते जैक्सन भारी आर्थिक संकट में फँसते गए थे और उनको अपने कुछ घर बेचने पड गए थे.
जैक्सन का बचपन भी तकलीफों मे गुजरा था. उनके पिता उनपर काफी अत्याचार किया करते थे. उन्हें मारते पीटते थे और डराते थे. नतीजतन जैक्सन के अंदर एक तरह की असुरक्षा की भावना आ गई थी और यह उनके जीवन के अंत तक जारी रही.
जैक्सन और विवाद एक दूसरे के पर्याय बन चुके थे. उन्होने अपने शरीर पर कई प्लास्टिक सर्जरी करवाई थी. यहाँ तक कि उनके शरीर का नैसर्गिक रंग भी पूरी तरह से बदल दिया गया था.
वर्ष 1994 में माइकल जैक्सन ने लिसा मेरी प्रिसले से शादी की थी. यह शादी नहीं चली और 19 महीने बाद दोनों में तलाक़ हो गया. 1997 में जैक्सन ने एक नर्स डेबी रोव से शादी की.
डेबी से उन्हें दो बच्चे हुए प्रिंस माइकल और बेटी पेरिस माइकल कैथरिन. वर्ष 1999 में माइकल जैक्सन का डेबी से भी तलाक़ हो गया.
वर्ष 2009 में एक बार फिर माइकल जैक्सन ने अपने कमबैक कंसर्ट की घोषणा की. उन्होंने घोषणा की कि वे 50 शो करेंगे और लंदन में उनका आख़िरी शो होगा.
लेकिन इससे पहले ही वे इस दुनिया को विदा कह गए.