भविष्य की दुनिया कैसी होगी इसकी जितनी कल्पना की जाए कम हैं. लेकिन इंसान भविष्य के प्रति सम्मोहित रहता है और भविष्य की परिकल्पना करने के लिए विश्व में नित नए अभ्यास किए जाते हैं.
ऐसे ही एक कार्यक्रम के दौरान यह जानने का प्रयास किया गया कि भविष्य में पर्यटन की क्या सम्भावनाएँ रहेंगी. न्यूज़ीलैंड की वेलिंग्टन यूनिवर्सिटी के इयान योमेन ने सन 2050 की दुनिया की परिकल्पना प्रस्तुत की जिसमें उन्होने बताया कि उस समय की दुनिया का पर्यटन परिदृश्य कैसा होगा?
एक ब्रिटिश समाचार पत्र की खबर के अनुसार इस सम्मेलन में इयान ने बताया कि उस समय तक रोबोट वेइटर वास्तविकता होंगे जो शराब पिलाएंगे और खाना परोसेंगे, होटलों की लॉबी में रोबोटिक कुत्ते पहरा देंगे और कमरे अपने आप साफ हो जाएंगे.
लेकिन सबसे विचित्र और मजेदार कल्पना है रोबोट गणिकाओं की. 2050 में पर्यटन उद्योग में जबरदस्त तेजी आएगी और इसकी एक वजह रोबोटिक गणिकाएँ भी होंगी. उनके प्रति लोग आकर्षित होंगे, उन्हें कस्टमाइज़ किया जा सकेगा और उनसे एचआईवी संक्रमण फैलने का खतरा भी नहीं होगा.
भविष्य की दुनिया अधिक सम्पन्न होगी और मजदूरों की संख्या में भी गिरावट आएगी. तब ये रोबोट उनका काम करेंगे.