newsite.jpg
एक विरोधाभासी व्यक्तित्व
बीबीसी हिन्दी
BBC Hindi

091028152053_indiramahatmagandhi226x170.jpg

इंदिरा गांधी कई बार नेहरू की चमक को भी पीछे छोड़ देती थीं लेकिन कई मायनों में वो नेहरू के सामने कहीं नहीं ठहरती हैं.

अक्तूबर की उस सुबह को, जब नई दिल्ली में इंदिरा गांधी को उनके अपने ही निवास पर गोलियों से भून डाला गया, अब पच्चीस साल पूरे हो चुके हैं. इतने सालों बाद उन्हें कैसे याद किया जाए ये सवाल आज ख़ासा अहम हो जाता है क्योंकि हमारे सामने आज जो दैत्याकार समस्याएं हैं वो उनके शासन के दौरान की चुनौतियों से कोई कम नहीं हैं.

इंदिरा गांधी, स्वतंत्र भारत की तीसरी प्रधानमंत्री थीं और शायद सबसे शक्तिशाली भी. कुछ तो कहते हैं कि कई बार उन्होंने अपने पिता की चमक को भी पीछे छोड़ दिया था.

लेकिन जब बात आती थी जटिल मामलों के समझ की, चाहे वो घरेलू हों या अंतरराष्ट्रीय, विद्वता की और लोकतांत्रिक आचार व्यवहार की तब वो नेहरू के सामने नहीं ठहर सकती थीं. लेकिन समस्याओं से जूझते हुए कामयाब होने की जो उनकी काबिलियत थी उसमें वो नेहरू से आगे थीं.

जो भी कहें उनके व्यक्तित्व, उनके चरित्र और उनके कार्यशैली में एक विरोधाभास दिखता था.

योगदान

भारत की एकता को मज़बूत करने में नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान के बाद उन्हीं का नाम आता है.

वो अपनी कामयाबी के चरम पर पहुंचीं जब पूर्वी पाकिस्तान के नागरिकों और विशेष सलाहकारों की मदद से उन्होंने बांग्लादेश की मुक्ति को अंजाम दिया. और इस ऐतिहासिक कदम से उन्होंने दक्षिण एशिया में लोकतंत्र के मार्ग को प्रशस्त किया.

लेकिन फिर उन्होंने ही साढ़े तीन सालों के बाद एशियाई उप-महाद्वीप के सबसे बड़े राष्ट्र में लोकतंत्र का गला घोंट दिया आपातकाल की घोषणा करके, अपने विपक्षियों को कुचल के.

बिना अपनी अंतरात्मा की आवाज़ सुने उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों को जेल में बंद कर दिया और मीडिया के मुंह पर ब्रिटिश ज़माने की तरह की नकेल कस दी.

उसके पहले 1969 में भी उन्होंने कांग्रेस में बंटवारा करके संगठन को कमज़ोर कर दिया, धीरे धीरे एक वंशवादी प्रथा की शुरूआत कर दी जिसमें उनके परिवार के सदस्यों को ही उच्च पदों पर आसीन कर दिया गया. (कुछ हद तक ये प्रथा आज भी कायम है, चमचागिरी की संस्कृति मूल्यों पर हावी है.)

राजनीति के प्रति उनका शक्की रवैया पंजाब से जुड़े उनके फ़ैसलों में भी नज़र आया. जिसका परिणाम ता उनकी जघन्य हत्या और 1984 के सिख विरोधी दंगों के रूप में भारतीय लोकतंत्र पर एक कभी न मिटनेवाला धब्बा.

जनता के साथ रिश्ता

लेकिन फिर भी उनके जीवन काल में कांग्रेस ने जनता के साथ अपने रिश्तों को जीवंत रखा (अपवाद केवल इमरजेंसी का था) और लोगों की स्थिति सुधारने के लिए कई कदम उठाए. ये अलग बात है कि समाज के बड़े तबके में ग़रीबी और पिछड़ापन बढ़ता ही गया.

यहां ये भी कहना होगा कि उन्होंने अपने पूरे जीवनकाल में सांप्रदायिकता के ख़िलाफ़ लड़ाई जारी रखी. लेकिन साथ ही छोटे राजनीतिक फ़ायदों के लिए उन्होंने धार्मिक भावनाओं का भी इस्तेमाल किया जो उनके पिता ने कभी नहीं किया.

वो कई मायनों में काले और सफ़ेद का मिश्रण थीं और इसलिए लोग या तो उन्हें बहुत पसंद करते थे या बेहद नापंसद करते थे.

इंदिरा गांधी एक ही साथ सबसे कामयाब, सबसे विवादास्पद और सबसे ज़्यादा एकाधिकारवादी प्रधानमंत्री थीं. साथ ही फ़ौरन फ़ैसला करनेवाले प्रधानमंत्रियों में भी वो सबसे आगे थीं.

इस संदर्भ में पोखरन-1 का ज़िक्र ज़रूरी है क्योंकि 1974 का वो परमाणु परीक्षण उन्हीं की अगवाई में हुआ था.

सत्ता को किस पटुता से इस्तेमाल करने में भारत में उनका कोई सानी नहीं था.

अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उन्होंने अमिट छाप छोड़ी और 1983 में दिल्ली में हुए सातवें गुटनिरपेक्ष सम्मेलन में ये साफ़ नज़र आया.

फ़िदेल कैस्ट्रो का उन्हें हल्के से गले लगाना और फिर उन्हें गुटनिरपेक्ष आंदोलन के अध्यक्ष पद की ज़िम्मेदारी सौंपना एक ऐसा दृश्य था जो विश्व मंच पर तीसरी दुनिया के आगमन का प्रतीक था और इसके प्रभाव दूरगामी थे.

ग़रीबी हटाओ

लेकिन क्या वो भारत के करोड़ों लोगों की स्थिति को सुधारने में कामयाब हुईं? इसका जवाब निश्चित तौर पर होगा “नहीं”.

लेकिन साथ ही ये सवाल भी होगा कि क्या ये उनके नेतृत्व को पूरी तरह से असफल दिखाता है? इसका जवाब भी होगा “नहीं”.

1971 के संसदीय चुनाव में उन्होंने गरीबी हटाओ का ऐसा नारा दिया जिसने पूरे देश के मज़दूर वर्ग में नई उर्जा का संचार कर दिया (ये अलग बात है कि उस नारे को हक़ीक़त में बदलने के लिए अभी तक कुछ ख़ास नहीं किया गया.)

उनकी सबसे बड़ी और स्थाई कामयाबी थी आम जनता में, समाज के सबसे पिछड़े वर्ग में, भविष्य के लिए उम्मीद जगाना.

और शायद यही उनकी सबसे बड़ी विरासत है जो किसी भी दुष्प्रचार से नहीं मिटाया जा सकता.

 

BBC Hindi
टिप्पणियाँ (0)add
टिप्पणी लिखें
quote
bold
italicize
underline
strike
url
image
quote
quote
smile
wink
laugh
grin
angry
sad
shocked
cool
tongue
kiss
cry
smaller | bigger

security image
दिखाये गये अक्षर लिखें


busy
 

सबस्क्राइब करें

ईमेल में:


ईमेल में प्राप्त करें

ईमेल आईडी लिखें