इंटरनेट ब्राउज़िंग को नया आयाम देने और आँकड़ों के ओनलाइन स्थानांतरण को तेज गति प्रदान करने के लिए गूगल की टीम एक नए प्रोटोकोल को विकसित कर रही है.
इस पूरी परियोजना का नाम है प्रोजेक्ट स्पीडी. इस प्रोजेक्ट के तहत एक नया इंटरनेट प्रोटोकोल विकसित किया जा रहा है जो है – spdy:// . गूगल के अनुसार यह नया प्रोटोकोल वर्तमान प्रोटोकोल http:// से अधिक तेज कार्य करेगा.
गूगल लैब में परीक्षण के दौरान स्पीडी प्रोटोकोल ने 55% अधिक तेज नतीजे प्रदान किए. यानी इस प्रोटोकोल के माध्यम से खोली गई साइटे 55% कम समय में लोड हुई.
गूगल के अनुसार http:// प्रोटोकोल अब पुराना हो चुका है. यह प्रोटोकोल 1996 में विकसित किया गया था और तब वेबसाइटें अपेक्षाकृत हल्की हुआ करती थी. लेकिन अब वेब 2 के जमाने में वेबसाइटे काफी बड़ी हो गई है और इसलिए पुराने प्रोटोकोल के माध्यम से उन्हें ब्राउज़ करने में समय नष्ट होता है. कई बार बड़ी छवियों को प्रदर्शित करने में लगने वाला समय हल्के पैकेट्स जैसे कि अक्षरों आदि को भी लोड होने से रोक देता है और पूरी साइट काफी धीमी गति से लोड होती है.
लेकिन नया प्रोटोकोल आने और जाने वाले निर्देशों को संकुचित कर उन्हें कई सारे कनेक्शन में बाँट देता है जिससे डेटा लोड होने में लगने वाला समय कम हो जाता है.
गूगल का इरादा जल्द ही इस प्रोटोकोल को पूर्ण विकसित कर अपनी मुख्य साइटों को उसपर आधारित कर देना है.