इंटरनेट पर ईमेल सहित ढेर सारी सुविधाएँ देने वाली लोकप्रिय सेवा याहू ने अपने घट रहे बाज़ार को सम्भालने के लिए अब सबसे लोकप्रिय सोश्यल नेटवर्किंग साइट फेसबुक से समझौता किया है.
याहू जल्द ही
फेसबुक कनेक्ट की सुविधा जोड़ने वाला है. इस सुविधा की मदद से
याहू पर
फेसबुक आई.डी. से भी लोगिन किया जा सकेगा. यही नहीं फेसबुक की सेवाओं का उपयोग करने पर उससे संबंधित जानकारी आपके फेसबुक पन्ने पर स्वत: प्रकाशित हो जाएगी.
उदाहरण के लिए यदि आप
फ्लिकर पर तस्वीरें अपलोड करंगे तो इससे संबंधित कड़ी फेसबुक की लाइव स्ट्रीम में प्रकाशित हो जाएगी.
याहू का मानना है कि इससे उसकी हिट्स बढेगी, क्योंकि लोग अब फेसबुक का अधिकाधिक उपयोग करते हैं और लाइवस्ट्रीम पर आ रही कड़ियों पर क्लिक करने से याहू साइटों तक प्रयोक्ता की पहुँच आसान हो जाएगी.
फेसबुक कनेक्ट:
फेसबुक ने
"फेसबुक कनेक्ट" सुविधा थर्ड पार्टी साइटों पर फेसबुक आई.डी. से लोगिन करने के लिए दी है. यह एक ए.पी.आई. स्क्रिप्ट है जिसे कोई भी थर्ड पार्टी सोश्यल या समाचार या अन्य साइट अपने पृष्ठों पर जोड़ सकती है. इसके माध्यम से उस साइट के प्रयोक्ता फेसबुक आई.डी. से भी लोगिन हो कर अपना काम कर सकते हैं, और इससे इन थर्ड पार्टी साइटों पर रखी जाने वाली सामग्री की लिंक फेसबुक तक आ सकती है.
वहीं दूसरी ओर
गूगल ने ट्विटर के साथ एक समझौता किया है. इसके अंतर्गत अब गूगल फ्रेंड कनेक्ट सेवा पर
"ट्विटर " आईडी से भी लोगिन किया जा सकेगा. इससे
गूगल फ्रेंड कनेक्ट सेवा का इस्तेमाल कर रही लाखों साइटों पर लोग ट्विटर आईडी से लोगिन कर पाएंगे और वहाँ उनका ट्विटर अवतार ही दिखाई देगा. इससे जो लोग गूगल प्रयोक्ता नहीं हैं वे भी गूगल फ्रेंड कनेक्ट सेवा का इस्तेमाल कर पाएंगे.
गूगल फ्रेंड कनेक्ट सेवा किसी भी थर्ड पार्टी साइट के प्रयोक्ताओं को अपनी गूगल आईडी के माध्यम से लोगिन करने की सुविधा देती है. इससे प्रयोक्ता अपनी गूगल आईडी से लोगिन होकर भी टिप्पणी आदि दे सकते हैं.